शामली एक नया बना जिला है, जो इससे पूर्व मुज़फ्फरनगर जिले की चर्चित तहसील हुआ करता था। यह पहले प्रबुद्धनगर जिले के नाम से अस्तित्व में आया था।
शामली दिल्ली–सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिल्ली से लगभग 100 किलोमीटर, सहारनपुर से 65 किलोमीटर एवं मुज़फ्फरनगर से 38 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह पूर्व में मुज़फ्फरनगर, पश्चिम में हरियाणा के पानीपत, उत्तर में सहारनपुर तथा दक्षिण में बागपत जिले से घिरा हुआ है।
पौराणिक कथाओं के अनुसार, द्वापर युग में कुरुक्षेत्र युद्ध के दौरान हस्तिनापुर से जाते समय भगवान श्रीकृष्ण ने हनुमान धाम में विश्राम किया था तथा पुराने कुएँ का शीतल जल ग्रहण किया था। कुछ कथाओं के अनुसार इस नगर को कुन्तीपुत्र भीमसेन द्वारा बसाया गया था।
प्राप्त ऐतिहासिक साक्ष्यों के अनुसार, मराठा सेनानियों ने इस स्थान को अंग्रेजों के विरुद्ध लड़ाई में अपनी छावनी के रूप में प्रयोग किया था। स्वतंत्रता सेनानियों ने इसे छिपने के लिए एक सुरक्षित स्थान माना था।
अंग्रेजी सत्ता के समय स्वतंत्रता सेनानियों ने “पुरानी तहसील” को जलाकर वर्ष 1857 की क्रांति का उद्घोष किया तथा देश की स्वतंत्रता के लिए अपना बलिदान दिया।
और अधिक जानें